501 कुण्डीय संस्कार महायज्ञ में बोले हरिभाऊ बागडे – समाज कल्याण, परोपकार और श्रेष्ठ कर्म भी यज्ञ के स्वरूप
जयपुर, 30
अक्टूबर। राजस्थान के राज्यपाल श्री हरिभाऊ
बागडे ने कहा कि यज्ञ केवल अग्नि में घी और मंत्रों की आहुति देने तक सीमित नहीं
है, बल्कि समाज का कल्याण, परोपकार, सत्य और श्रेष्ठ कर्म भी यज्ञ के ही स्वरूप
हैं। उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत का संकल्प हम सभी का सामूहिक दायित्व होना
चाहिए। युवाओं को नशे से दूर रखकर ही सशक्त और विकसित भारत का निर्माण किया जा
सकता है।
त्याग, समर्पण और अर्पण का प्रतीक है यज्ञ
राज्यपाल शुक्रवार को भारत विकास
परिषद एवं आर्य युवा समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 501 कुण्डीय संस्कार
महायज्ञ एवं नशामुक्त भारत संकल्प कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर
उन्होंने महायज्ञ में आहुति देकर नशामुक्त भारत के संकल्प का संदेश दिया। महर्षि
अरविंद की पुस्तक ‘वेद रहस्य’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यज्ञ सत्य,
प्रकाश और अमरत्व की खोज का प्रतीक है। ऐसे आयोजन व्यक्ति को सकारात्मकता और
श्रेष्ठ जीवन मूल्यों की ओर प्रेरित करते हैं।
युवाओं को नशे से बचाना समय की आवश्यकता
राज्यपाल ने स्कूलों और कॉलेजों में
युवाओं के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मादक
पदार्थों की तस्करी देश की युवा शक्ति को कमजोर करने का प्रयास है। भारत की प्रगति
उसकी युवा शक्ति और नागरिकों के विश्वास पर निर्भर है। ऐसे में युवाओं को नशे के
दुष्प्रभावों से बचाना अत्यंत आवश्यक है।
नशामुक्त भारत से मजबूत होगा राष्ट्र

भारत विकास परिषद एवं आर्य युवा समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 501 कुण्डीय संस्कार महायज्ञ एवं नशामुक्त भारत संकल्प कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्थान के राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा
संचालित नशामुक्त भारत अभियान का उद्देश्य देश को नशे की समस्या से मुक्त करना और
युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करना है। नया भारत आत्मनिर्भरता, स्वदेशी
उत्पादों के निर्माण और मजबूत अर्थव्यवस्था के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इसके
लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
भारतीय संस्कृति और गौरवशाली इतिहास से जुड़ें युवा
राज्यपाल ने नई शिक्षा नीति के अनुरूप
युवाओं को भारत के प्राचीन गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और जीवन मूल्यों से
जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने भारत विकास परिषद से समाज में नशामुक्ति के प्रति
निरंतर जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया तथा इस दिशा में परिषद द्वारा किए जा
रहे प्रयासों की सराहना की।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल श्री
बागडे ने नशामुक्त भारत के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं एवं विशिष्टजनों
को सम्मानित किया। इस अवसर पर डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक
प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का वातावरण बनाया।
