मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं से किया संवाद, कहा- संकल्प, अनुशासन, परिश्रम और नवाचार से हासिल करें अपना मुकाम
जयपुर, राजस्थान। “सामर्थ्यवान, संस्कारवान, ऊर्जावान और नशामुक्त युवा ही
विकसित भारत की यात्रा के सच्चे सारथी हैं।” मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा
ने 20 अक्टूबर 2026 को ‘सपनों की उड़ान - असंभव कुछ भी नहीं’
कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करते हुए यह बात कही। उन्होंने युवाओं को
आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प और निरंतर परिश्रम के साथ अपने सपनों को साकार करने तथा
राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
रोजगार, कौशल विकास
मुख्यमंत्री
ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व से प्रेरणा लेकर युवा असंभव
को संभव बनाने का संकल्प लें। प्रधानमंत्री ने अपनी संकल्प शक्ति से अनेक ऐसे
कार्य पूरे किए हैं, जिन्हें कभी असंभव माना जाता था। युवाओं में ऊर्जा, नवाचार,
कुछ नया करने का जुनून और चुनौतियों का सामना करने का साहस है। यही शक्ति भारत को
विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
युवाओं के सपनों को पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल
इंडिया, स्किल इंडिया और अटल इनोवेशन मिशन जैसी पहल ने युवाओं के लिए नवाचार,
उद्यमिता और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार किए हैं। राजस्थान सरकार भी शिक्षा, कौशल
विकास, रोजगार और खेल के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्धता से
कार्य कर रही है।
रोजगार, कौशल विकास और खेलों को बढ़ावा
खेलों को बढ़ावा देने के लिए 17 नए खेलो इंडिया केंद्र शुरू किए गए
हैं। सभी 41 जिला मुख्यालयों पर ‘एक जिला, एक खेल’ योजना के तहत खेल अकादमियां
संचालित की जा रही हैं। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए राजस्थान टारगेट
ओलंपिक पोडियम स्कीम भी लागू की गई है।
नशामुक्त युवा, सशक्त राष्ट्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में ‘माय भारत’ प्लेटफॉर्म पर 26 लाख
से अधिक युवा पंजीकृत हैं और 1,700 से अधिक संस्थाएं इससे जुड़ी
हैं। युवाओं को नशे से बचाने के लिए 350 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों में ‘नई
किरण’ नशामुक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। ‘राज सवेरा’ पहल के तहत जिला
चिकित्सालयों में नशामुक्ति वार्ड स्थापित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में पैरा खिलाड़ी विक्रम कुमार मीणा, शिवम वैष्णव, मनीषा
गोस्वामी, निकिता और हीरालाल महावर ने विभिन्न सरकारी योजनाओं से मिले लाभों के
लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। माय भारत वॉलेंटियर अद्विता सिंह और
दृष्टिबाधित युवा सचिन सिंह जादौन ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर
नशामुक्ति पर आधारित नाटिका का मंचन भी हुआ।
युवाओं से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के संदेश - “उठो, जागो और
तब तक नहीं रुको जब तक मंजिल प्राप्त न हो जाए” - को जीवन का मूलमंत्र बनाने का
आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों
में लगाएं और विकसित भारत तथा विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने में योगदान
दें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि युवाओं के सपनों को पूरा करने के लिए राज्य सरकार
हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।
इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, खिलाड़ी, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े युवा उपस्थित रहे।




