ब्रह्माकुमारीज एवं भारत सरकार के सामाजिक न्याय मंत्रालय के संयुक्त अभियान के तहत विद्याधन आश्रमशाला में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
घाटंग्री, धाराशिव, महाराष्ट्र। युवाओं को नशे की बुराइयों से बचाकर स्वस्थ, संस्कारवान और उज्ज्वल
भविष्य की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय
एवं भारत सरकार के सामाजिक न्याय मंत्रालय द्वारा संयुक्त तत्वावधान में संचालित नशामुक्ति
अभियान के अंतर्गत विद्याधन आश्रमशाला, घाटंग्री में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया
गया। इसमें 495 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी
ईश्वरीय विश्व विद्यालय की संचालिका ज्योति बहनजी ने संस्था का परिचय देते हुए राजयोग
एवं योगाभ्यास कराया। उन्होंने आध्यात्मिक ज्ञान और सकारात्मक चिंतन के माध्यम से जीवन
में शांति, आत्मबल तथा अच्छे संस्कार विकसित करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर गंगाधर कासराले ने नशे के दुष्परिणामों
पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार
और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। कांता कासराले माता ने उपस्थित
विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशामुक्त जीवन अपनाने की प्रतिज्ञा दिलाई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्था के
भारत भाई ने महत्वपूर्ण प्रयास किए। विद्यालय के मुख्याध्यापक ने ब्रह्माकुमारीज के
इस सराहनीय प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज और विद्यार्थियों
के उज्ज्वल भविष्य के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने
संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे इस संस्था को निकट से अच्छी तरह जानते
हैं।
यह अभियान विद्यार्थियों में नशे के प्रति
जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आत्मानुशासन, सकारात्मक जीवनशैली और सामाजिक जिम्मेदारी
की भावना विकसित करने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल है। नशामुक्त युवा ही स्वस्थ
परिवार और सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
