कन्नौद में नौ चैतन्य देवियों की भव्य झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
कन्नौद, देवास (मध्य प्रदेश) । नवरात्रि के पावन पर्व पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व
विद्यालय, कन्नौद द्वारा श्रीनगर कॉलोनी स्थित प्रभु मिलन भवन में आयोजित नौ चैतन्य देवियों की भव्य झांकी श्रद्धालुओं
और नगरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी। देवी के नौ स्वरूपों के दर्शन के
साथ लोगों को आध्यात्मिक ज्ञान और जीवन में श्रेष्ठ गुण धारण करने का प्रेरणादायी संदेश
दिया गया।
झांकी का शुभारंभ कन्नौद के जिला एवं अपर
सत्र न्यायाधीश श्री अमित निगम ने किया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी कन्नौद सेवाकेंद्र
की प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी पवित्रा दीदी ने नवरात्रि का आध्यात्मिक रहस्य
स्पष्ट करते हुए कहा कि देवी के नौ स्वरूप हमें अपने जीवन से दुर्गुणों को दूर कर प्रेम,
शांति, पवित्रता, धैर्य और सद्गुणों को धारण करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने आध्यात्मिक
ज्ञान को जीवन में अपनाकर स्वयं में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एलईडी स्क्रीन के माध्यम
से परमात्मा का परिचय एवं ईश्वरीय ज्ञान प्रस्तुत किया गया। इससे श्रद्धालुओं को नवरात्रि
के धार्मिक स्वरूप के साथ उसके आध्यात्मिक महत्व को समझने का अवसर मिला।
समापन अवसर पर पहुंचे विधायक एवं वरिष्ठ
राजयोगिनी
तीन दिवसीय कार्यक्रम के समापन अवसर पर
देवास जिला प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी प्रेमलता दीदी तथा खातेगांव-कन्नौद क्षेत्र
के विधायक श्री आशीष भैया शर्मा उपस्थित रहे। उनके आगमन से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ी।
झांकी के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हुए और उन्होंने आध्यात्मिक संदेश की सराहना
की।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी श्रद्धा दीदी, ब्रह्माकुमारी अरुणा दीदी, माउण्ट आबू से प्रोटोकॉल मैनेजर बीके लक्ष्मण भाई, ब्रह्माकुमार श्रीनिवास भाई सहित ब्रह्माकुमारी परिवार के सदस्य, बड़ी संख्या में श्रद्धालु, भक्तजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नौ चैतन्य देवियों की यह झांकी केवल दर्शन
का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मचिंतन और जीवन में श्रेष्ठ संस्कार अपनाने की प्रेरणा देने
वाली पहल बनी। कार्यक्रम का संपूर्ण आयोजन प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय,
प्रभु मिलन भवन, श्रीनगर कॉलोनी, कन्नौद द्वारा किया गया।



