आमेर में पुष्पवृष्टि और तिलक लगाकर हुआ स्वागत, डीजीपी राजीव कुमार शर्मा अल्बर्ट हॉल से दिखाएंगे हरी झंडी
जयपुर, 21 अक्टूबर। नशे के खिलाफ जन-जागरूकता और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर निकली राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली बुधवार शाम ऐतिहासिक आमेर पहुंची। राजस्थान पुलिस बैंड की धुनों के बीच राइडर्स का पुष्पवृष्टि और तिलक लगाकर स्वागत किया गया। उप महानिरीक्षक पुलिस श्वेता धनकड़ ने राइडर्स का अभिनंदन किया।
250 राइडर्स, नशामुक्त समाज का संदेश
‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ थीम पर आयोजित इस रैली में सीआरपीएफ, बीएसएफ, एनआईए, आरपीएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एनएसजी, एसएसबी सहित विभिन्न केंद्रीय पुलिस बलों और राज्य पुलिस के 250 राइडर्स भाग ले रहे हैं। इसका उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश देना है। यह आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड से जुड़ा है।
अल्बर्ट हॉल से अजमेर के लिए होगी रवानगी
22 अक्टूबर को सुबह 10 बजे जयपुर के रामनिवास बाग स्थित अल्बर्ट हॉल से राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। राइडर्स तीन अलग-अलग स्थानों से पुलिस पायलट वाहनों के साथ अल्बर्ट हॉल पहुंचेंगे। वहां से रैली रामबाग चौराहा, अंबेडकर सर्किल और भारत जोड़ो सेतु एलिवेटेड रोड होते हुए अजमेर रोड की ओर बढ़ेगी।
विद्यार्थियों से संवाद, नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा
रैली के दौरान स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और आमजन के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ठहराव स्थलों पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, सामाजिक संगठनों, एनसीसी और एनएसएस के सदस्यों की भागीदारी से नशे के दुष्परिणामों पर संवाद होगा।
राजस्थान के रास्ते गुजरात पहुंचेगी रैली
राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले से प्रवेश करने के बाद रैली जयपुर से अजमेर, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर होते हुए गुजरात की ओर बढ़ेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 24 अक्टूबर को उदयपुर से गांधीनगर के लिए प्रस्थान करेगी। रैली के सुचारु संचालन के लिए राजस्थान पुलिस ने सुरक्षा, यातायात, एस्कॉर्ट, पार्किंग और आपातकालीन सहायता की व्यापक व्यवस्थाएं की हैं।

