- सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर बीकानेर में निकली ‘रन फॉर यूनिटी’, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने दिखाई हरी झंडी
- राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की दिलाई शपथ, केंद्रीय मंत्री ने दौड़ में शामिल होकर दिया एकता का संदेश
बीकानेर, 31 अक्टूबर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय
एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को बीकानेर में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया।
बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए), बीकानेर पुलिस और बीकानेर रन क्लब के संयुक्त
तत्वावधान में आयोजित इस दौड़ को केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र
प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने स्वयं भी दौड़
में भाग लिया और उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई।

सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर बीकानेर में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ में आमजन के साथ दौड़ लगाते केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल।
565 रियासतों के एकीकरण में सरदार पटेल की ऐतिहासिक भूमिका
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद तत्कालीन उप
प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने 565 देशी रियासतों का भारत
में विलय कर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को मजबूत करने का ऐतिहासिक कार्य किया।
उनका यह योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
कर्तव्यनिष्ठा और दृढ़ संकल्प की मिसाल थे सरदार पटेल

बीकानेर में सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ के दौरान मंच से संबोधित करते केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल।
श्री मेघवाल ने सरदार पटेल के जीवन का
प्रेरक प्रसंग साझा करते हुए बताया कि अधिवक्ता के रूप में एक मुकदमे की पैरवी के
दौरान उन्हें अपनी पत्नी के निधन का समाचार मिला, लेकिन उन्होंने कर्तव्य के प्रति
समर्पण दिखाते हुए पैरवी जारी रखी। उन्होंने कहा कि यह प्रसंग सरदार पटेल की
कर्तव्यनिष्ठा, दृढ़ इच्छाशक्ति और जिम्मेदारी के प्रति समर्पण का परिचायक है।
सरदार पटेल का योगदान राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत : संभागीय
आयुक्त
संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने कहा
कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित
किया। आज भारत जिस एकीकृत स्वरूप में दिखाई देता है और विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा
है, उसमें सरदार पटेल की दूरदर्शिता और प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
देश के वर्तमान स्वरूप में पटेल का महत्वपूर्ण योगदान : आईजी
पुलिस महानिरीक्षक ओम प्रकाश ने कहा
कि आज भारत जिस स्वरूप में हमारे सामने है, उसके निर्माण में सरदार पटेल का योगदान
अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनकी जयंती पुलिस विभाग के लिए भी विशेष महत्व रखती है,
क्योंकि राजस्थान सहित देश की अनेक रियासतों के एकीकरण में उन्होंने निर्णायक
भूमिका निभाई थी।
निर्धारित मार्ग से निकली दौड़, बड़ी संख्या में लोगों ने लिया
हिस्सा
‘रन फॉर यूनिटी’ कलेक्ट्रेट परिसर से
प्रारंभ होकर रविन्द्र रंगमंच, मेजर पूर्ण सिंह सर्किल, ब्रह्माकुमारी सर्किल,
पंचशती सर्किल और महर्षि गौतम सर्किल होते हुए पुनः कलेक्ट्रेट परिसर पहुंची। इससे
पहले बीकानेर रन क्लब के ईशान शर्मा ने प्रतिभागियों को विभिन्न व्यायाम करवाए।
कार्यक्रम का मंच संचालन कलेक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी संजय पुरोहित ने किया।
अधिकारी, खिलाड़ी और युवाओं ने उत्साह से लिया भाग
दौड़ में संभागीय आयुक्त विश्राम
मीणा, पुलिस महानिरीक्षक ओम प्रकाश, जिला कलेक्टर निशांत जैन, पुलिस अधीक्षक मृदुल
कच्छावा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा बीडीए आयुक्त धायगुडे
स्नेहल नाना, बीडीए कमिश्नर सिद्धार्थ पलानीचामी, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी
अधिकारी शैलजा पांडे, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) रीना छिंपा, उपखंड अधिकारी
महिमा कसाना, सीओ अनुज डाल, जिला शिक्षा अधिकारी राम गोपाल शर्मा और जिला खेल
अधिकारी सुरेंद्र हर्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
कार्यक्रम में पुलिस एवं आरएसी के जवानों, एनसीसी कैडेट्स, करणी सिंह स्टेडियम के खिलाड़ियों, बीकानेर रन क्लब के सदस्यों, युवाओं और शहर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
