- राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने किया ‘शक्ति वंदन मोबाइल ऐप’ का लोकार्पण, महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने पर दिया जोर
- ‘शक्ति संवाद, उद्यम उत्सव’ में महिला उद्यमिता प्रदर्शनी का अवलोकन, स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने का किया आह्वान
जयपुर, 28 अक्टूबर। राजस्थान के राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने बुधवार को जयपुर में
‘शक्ति वंदन मोबाइल ऐप’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘शक्ति संवाद, उद्यम
उत्सव’ के तहत आयोजित महिला उद्यमिता प्रदर्शनी का अवलोकन कर महिलाओं को आर्थिक रूप
से आत्मनिर्भर बनाने और उनके उद्यमों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
महिला सशक्तिकरण में ऐप की महत्वपूर्ण भूमिका
राज्यपाल ने ‘सेवायाम संस्था’ के अंतर्गत
महिलाओं की सुरक्षा और महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने से जुड़े इस ऐप को महत्वपूर्ण
पहल बताया। उन्होंने जयपुर नगर निगम की पूर्व महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर के प्रयासों
की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को उचित अवसर, मार्गदर्शन और सहयोग मिले, तो वे
अपने जीवन में बदलाव लाने के साथ परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी अहम योगदान
दे सकती हैं।
महिलाओं को उद्यमी और रोजगार सृजक बनाने पर जोर
श्री बागडे ने कहा कि ‘शक्ति वंदन अभियान’
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ विचार से प्रेरित है। महिलाओं को
आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने
कहा कि महिलाओं को केवल सरकारी योजनाओं की लाभार्थी के रूप में नहीं, बल्कि उद्यमी,
रोजगार सृजक और नेतृत्वकर्ता के रूप में पहचान मिलनी चाहिए। विकसित भारत के निर्माण
में उनकी सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
महिला विकास योजनाओं को बताया महत्वपूर्ण
राज्यपाल ने केंद्र और राज्य सरकारों की
‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ और ‘लाडली बहना’ जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए महिला विकास
और उद्यमिता प्रोत्साहन के लिए अधिक प्रभावी प्रयास करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अवसरों का विस्तार करने और उनके कार्यों को प्रोत्साहित
करने का आह्वान किया।
महिला उद्यमियों के उत्पादों का किया अवलोकन

शक्ति वंदन उद्यम उत्सव के दौरान महिला उद्यमियों द्वारा लगाए गए स्थानीय उत्पादों के स्टॉल का अवलोकन कर महिला उद्यमियों से संवाद करते हुए राजस्थान के राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे।
इससे पहले जयपुर नगर निगम की पूर्व महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और उनकी सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। राज्यपाल ने प्रदर्शनी में महिला उद्यमियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न उत्पादों का अवलोकन किया और लोगों से उनके उत्पाद खरीदकर स्थानीय महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने की अपील की।
