नवरात्रि में महिलाओं की सुरक्षा के लिए राजस्थान पुलिस चलाएगी ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’

 Rajasthan Police to Launch Shakti Suraksha Campaign During Navratri

 गरबा-डांडिया स्थलों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, CCTV निगरानी और हेल्प डेस्क के जरिए सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत

नवरात्रि में महिलाओं की सुरक्षा के लिए राजस्थान पुलिस चलाएगी ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’

जयपुर, 10 अक्टूबर। नवरात्रि के दौरान गरबा एवं डांडिया कार्यक्रमों में शामिल होने वाली महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान पुलिस प्रदेशभर में ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’ चलाएगी। महानिदेशक पुलिस राजस्थान राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, कम्युनिटी पुलिसिंग एवं जन-अभियोग लता मनोज कुमार ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों तथा जयपुर और जोधपुर के पुलिस उपायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

अभियान के तहत कार्यक्रम स्थलों के साथ-साथ आयोजन समाप्त होने के बाद भी महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर कालिका पेट्रोलिंग टीमों एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। जरूरत के अनुसार सादे वस्त्रों में महिला पुलिसकर्मी निगरानी करेंगी तथा छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार की घटनाओं पर कार्रवाई के लिए डिकॉय ऑपरेशन भी किए जाएंगे।

प्रमुख आयोजन स्थलों पर महिला हेल्प डेस्क स्थापित करने के साथ हेल्पलाइन, राजकॉप और पुलिस सहायता संबंधी जानकारी पोस्टर एवं क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। आयोजकों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों के उपयोग, प्रवेश द्वारों पर पहचान-पत्र एवं डिजिटल पास की जांच और सुरक्षा स्वयंसेवकों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

पार्किंग स्थलों, प्रवेश-निकास द्वारों तथा आवाजाही के मार्गों पर विशेष निगरानी, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाएगी। ऑटो-टैक्सी चालकों को भी अभियान से जोड़कर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने के लिए जागरूक किया जाएगा।

इसके अलावा युवा सामुदायिक समन्वय समूह (Y-CLG) के सदस्यों और सुरक्षा सखियों की मदद से महिला सुरक्षा संबंधी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिला पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सऐप के माध्यम से भी आवश्यक जानकारी साझा की जाएगी।

अभियान की निगरानी जिला स्तर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी करेंगे। महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कालिका पेट्रोलिंग टीमों और महिला पुलिसकर्मियों को पुलिस मुख्यालय स्तर पर सम्मानित करने के लिए चयनित किया जाएगा।

राजस्थान पुलिस का उद्देश्य नवरात्रि के उत्सव के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा निर्भय होकर कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।

और नया पुराने